मल्हार मीडिया भोपाल।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माताजी श्रीमती काशी बाई का आज प्रातः भोपाल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं और एम्स, भोपाल में उनका इलाज चल रहा था। आज दोपहर में उनके पैतृक गांव जैत (जिला सीहोर) में विधि-विधान व वैदिक परंपराओं के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
अंत्येष्टि की समस्त प्रक्रिया पूरी होने के बाद श्री शिवराज सिंह ने माताजी की पा स्मृति में पौधारोपण किया और भावांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देशभर के विभिन्न नेताओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
पौधारोपण के उपरांत केंद्रीय मंत्री ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा, "आज अपने गृह ग्राम जैत में भावुक मन से पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती काशी बाई जी की स्मृति में पौधरोपण किया। माँ का स्नेह और ममता जीवनभर एक शीतल छाया की तरह हमारे साथ रहती है। मन में यही प्रार्थना है कि उनका आशीर्वाद सदैव हम सब पर बना रहे और ये पौधे बड़े होकर अपनी छाया में पक्षियों, कीट-पतंगों और दूसरे जीव-जंतुओं को आश्रय दें। इनसे मिलने वाली ऑक्सीजन पर्यावरण को भी स्वच्छ और सुंदर बनाए। निश्चय ही इन पेड़ों के साथ माँ की स्मृतियाँ भी सदा हरी-भरी रहेंगी। पूज्य माताजी के चरणों में कोटि-कोटि प्रणाम। नर्मदे हर!"

इससे पहले सुबह स्व. श्रीमती काशी बाई का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनार्थ स्थित निवास पर रखा गया था, जहां समाज के विभिन्न वर्गों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। तत्पश्चात पार्थिव देह को अंतिम संस्कार हेतु उनके गृहग्राम जैत ले जाया गया।
जैत में आयोजित अंतिम संस्कार में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित राज्य मंत्रिमंडल के कई मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण व गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सभी ने पार्थिव देह पर श्रद्धासुमन अर्पित कर शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। वहीं दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों व पक्ष एवं विपक्ष के देशभर के तमाम शीर्ष नेताओं ने भी शोक संदेशों के जरिए गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र भेजकर उनकी पूज्य माताजी के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। पीएम ने अपने संदेश में लिखा कि इस दुःखद सूचना से मन को बहुत पीड़ा पहुँची है और इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने कहा, "मां का स्नेह जीवन की सबसे बड़ी शक्ति और उनका आशीर्वाद सबसे अनमोल धरोहर होती है। मां की ममता, उनका स्नेह और उनके आशीर्वाद की छांव जीवन के हर पड़ाव पर हमारा संबल बनी रहती है। मां का बिछड़ जाना हृदय में एक ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है, जिसे कोई भर नहीं सकता। शिवराज जी, सार्वजनिक जीवन की आपकी लंबी यात्रा में परिवार के संस्कारों और बड़ों के आशीर्वाद का विशेष योगदान रहा है। आज आपकी माताजी सशरीर आपके साथ नहीं हैं, परन्तु उनकी स्मृतियां और उनसे मिले संस्कार सदैव आपके जीवन को आलोकित करते रहेंगे। ईश्वर शोकाकुल परिवार और शुभचिंतकों को यह दुःख सहन करने का धैर्य और संबल प्रदान करें।"
Comments